देहरादून,23 जून। अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर पर्यटन नगरी मसूरी में 26 जून शुक्रवार को नगर पालिका सभागार में “सुरक्षित आतिथ्य, सुरक्षित पर्यटनः नशा रोकथाम, सुरक्षा एवं कानूनी तैयारी” विषय पर विशेष जागरूकता एवं क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन देहरादून एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य होटल व्यवसायियों, स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को नशे के दुष्प्रभाव, अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम, सुरक्षा उपायों तथा कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा नशा मुक्त समाज के निर्माण, युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने, पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा जिम्मेदार एवं सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी एवं दुरुपयोग की रोकथाम में नागरिकों की भूमिका और कानूनी दायित्वों पर भी चर्चा होगी।
कार्यक्रम के माध्यम से मसूरी को सुरक्षित, स्वच्छ एवं नशा मुक्त बनाए रखने के लिए प्रशासन, होटल उद्योग, स्थानीय समुदाय और युवाओं की सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को “एक साथ संकल्प, एक सुरक्षित भविष्य, एक नशा मुक्त समाज” के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प भी दिलाया जाएगा।
