
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की हजारों एकड़ भूमि को भू-माफियाओं के हवाले करने की साजिश, भूमि घोटालों और सरकार की निष्क्रियता के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार से लेकर सिडकुल तक भूमि से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बावजूद सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है, जिससे प्रदेश की जनता में भारी आक्रोश है।
इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सचिवालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया तथा सरकार से जवाबदेही तय करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता, जल, जंगल और जमीन तथा आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और उत्तराखंड की अस्मिता एवं प्राकृतिक संसाधनों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के हर संघर्ष को पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाती रहेगी तथा प्रदेश के संसाधनों की लूट और भू-माफियाओं के संरक्षण के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी रखेगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, सम्मानित विधायकगण, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, छात्र एवं युवा साथी तथा स्थानीय जनता उपस्थित रही।
