देहरादून,24 जून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशानुसार पटेल नगर स्थित संजय कॉलोनी के वाल्मीकि मंदिर परिसर में समाज कल्याण विभाग द्वारा विशेष कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना था। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से मौके पर ही लोगों की समस्याओं का निस्तारण करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शिविर में पहुंचे 95 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच उपरांत आवश्यकतानुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया।
पेंशन, ऋण एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन एवं ऋण योजनाओं के तहत 300 से अधिक लाभार्थियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा मौके पर ही उनके आवेदन पत्र भरवाए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं के पोषण और सशक्तिकरण के उद्देश्य से 2 महालक्ष्मी किट, 5 किशोरी किट तथा 2 गोद भराई किट वितरित की गईं।
शिविर के मुख्य आकर्षण के रूप में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के सहयोग से 45 वरिष्ठ नागरिकों को 130 सहायक उपकरण प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि कैंट विधायक सविता कपूर ने अपने कर-कमलों से लाभार्थियों को ये उपकरण वितरित किए।
इस अवसर पर कैंट विधायक सविता कपूर ने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित यह शिविर अत्यंत सराहनीय पहल है। इसके माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र एवं वंचित वर्ग के लोगों तक शासन की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित के ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहने चाहिए।
शिविर में सहायक प्रबंधक दिगंबर सजवाण, क्षेत्रीय पार्षद डोली रानी मोहन, विशाल बिरला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
