देहरादून, 28 मई 2026। उत्तराखंड पर्यटन विभाग एवं भारतीय सेना के संयुक्त सहयोग से आगामी 31 मई एवं 01 जून 2026 को सीमांत नीति घाटी में “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन उच्च हिमालयी साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा सीमांत क्षेत्रों की सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
भारत-तिब्बत सीमा के निकट स्थित नीति घाटी अपनी मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता, दुर्गम हिमालयी भू-भाग एवं समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है। “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” के माध्यम से देशभर से आने वाले प्रतिभागियों को इस क्षेत्र की अद्वितीय प्राकृतिक भव्यता, रोमांचकारी ट्रैक एवं स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर प्राप्त होगा।
यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि साहस, धैर्य, सहनशीलता एवं अन्वेषण की भावना का उत्सव भी है। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। आयोजन के दौरान स्थानीय होमस्टे, पारंपरिक उत्पादों एवं पर्यटन आधारित गतिविधियों को भी व्यापक पहचान मिलने की संभावना है।
प्रतिभागियों एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवास, चिकित्सा, संचार, पेयजल, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए भारतीय सेना, आईटीबीपी एवं पर्यटन विभाग सक्रिय रूप से समन्वय स्थापित कर कार्य कर रहे हैं। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।
