देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय में काउंसिल ऑन एनर्जी, इन्वायरमेन्ट एण्ड वॉटर (CEEW) द्वारा तैयार ‘सौर जागरूकता स्मारिका पुस्तिका’ का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तराखण्ड के हरित, आत्मनिर्भर और स्वच्छ ऊर्जा आधारित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित पीएम सूर्य घर योजना के तहत राज्य ने 40 हजार रूफटॉप सोलर संयंत्रों का लक्ष्य समय से पहले पूरा कर लिया है तथा कुल लक्ष्य का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में उत्तराखण्ड की सौर ऊर्जा क्षमता में लगभग 10 गुना वृद्धि हुई है और राज्य करीब 290 मेगावाट रेजिडेंशियल रूफटॉप सोलर क्षमता स्थापित करने में सफल रहा है।
मुख्यमंत्री ने यूपीसीएल, उरेडा, CEEW और संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग से बिजली बिल में कमी, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित होगा।
