आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ेगी और जीतेगी कांग्रेस: वेणुगोपाल

Share on Social Media


देहरादून। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन, देहरादून में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव (संगठन) वेणुगोपाल ने अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के समापन अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उनका यह दौरा आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया।

वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता पूरी तरह एकजुट हैं तथा आगामी विधानसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ने और जीतने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने बताया कि पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में सभी नेताओं की राय थी कि भाजपा के दस वर्षों के शासन से प्रदेश की जनता निराश और परेशान है तथा कांग्रेस जनसमर्थन के बल पर सरकार परिवर्तन के लिए पूरी ताकत से कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पलायन आज भी एक गंभीर समस्या बनी हुई है। भाजपा सरकार पलायन रोकने के लिए कोई प्रभावी और ठोस नीति बनाने में विफल रही है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर पलायन रोकने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।

युवाओं से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड पेपर लीक की घटनाओं के कारण पूरे देश में चर्चा का विषय रहा है। लगातार हुई पेपर लीक की घटनाओं से प्रदेश के युवा हताश और परेशान हैं। उन्होंने कहा कि नीट सहित विभिन्न परीक्षा पत्र लीक मामलों पर देशभर के युवा सरकार से जवाब मांग रहे हैं, लेकिन सरकार के पास कोई संतोषजनक उत्तर नहीं है।

उन्होंने धार्मिक संस्थानों से जुड़े कथित अनियमितताओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि राम मंदिर ट्रस्ट में कथित चंदा घोटाले के आरोपों पर प्रधानमंत्री मौन क्यों हैं। उन्होंने केदारनाथ मंदिर के सोने तथा बदरीनाथ मंदिर के चंदे से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बड़े लोगों को बचाने का प्रयास क्यों किया जा रहा है। भाजपा को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।

वेणुगोपाल ने दोहराया कि आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी और जनता के सहयोग से जीत हासिल करेगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, करन माहरा, हरक सिंह रावत सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *