धामी कैबिनेट के 23 प्रस्तावों पर लगी मुहर, आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़कर 10 हजार रुपये, वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में जनहित, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक के बाद अपर सचिव एवं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कैबिनेट के प्रमुख निर्णयों की जानकारी दी।

मंत्रिमंडल ने प्रदेश की आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1,700 रुपये की वृद्धि को मंजूरी दी है। इसके बाद उनका मानदेय 8,300 रुपये से बढ़कर 10,000 रुपये प्रतिमाह हो जाएगा। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और पर्वतीय क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजकीय मेडिकल कॉलेजों से एमडी, एमएस एवं अन्य स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रम पूरा करने वाले डॉक्टरों के लिए दो वर्ष की अनिवार्य सरकारी सेवा का प्रावधान किया गया है। इसके तहत एक वर्ष मेडिकल कॉलेज और एक वर्ष पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के अस्पतालों में सेवा देनी होगी। निर्धारित सेवा पूरी नहीं करने पर बॉन्ड की शर्तों के अनुसार 60 से 75 लाख रुपये तक का जुर्माना देना होगा। इसके अलावा कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत फार्मासिस्ट पदों पर सीधी भर्ती के लिए डी-फार्मा के साथ बी-फार्मा डिग्रीधारकों को भी पात्रता प्रदान की गई है। उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी मंजूरी दी गई है।

युवाओं को राहत देते हुए मंत्रिमंडल ने वन विभाग में वन आरक्षी के पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। वहीं, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और भवन निर्माण कर्मकारों के कल्याण के लिए उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 तथा सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को स्वीकृति दी गई है। इसके माध्यम से श्रमिकों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्ड गठित किए जाएंगे। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबी और 21 स्टेशनों वाली ‘हरिद्वार दर्शन’ पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) यानी पॉड टैक्सी परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिनमें सीतापुर से भारत माता मंदिर, सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तथा गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक के मार्ग शामिल हैं।

प्रदेश की सहकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय बैंक गारंटी प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त ऋषिकेश के बापूग्राम क्षेत्र की 594.90 एकड़ भूमि सहित पांच आरक्षित वन क्षेत्रों को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है। इससे इन क्षेत्रों में लंबे समय से निवास कर रही आबादी को राहत मिलने की उम्मीद है।

कैबिनेट बैठक में भू-उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज चेंज) शुल्क, खनिज न्यास तथा क्षतिपूर्ति शुल्क से संबंधित नियमों में संशोधन के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। मंत्रिमंडल के इन निर्णयों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा अधिकारों, युवाओं को रोजगार के अवसर, औद्योगिक गतिविधियों को वित्तीय सहयोग तथा प्रदेश में आधुनिक परिवहन और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *