पवाणी अग्निकांड पीड़ितों को ₹5-5 लाख की सहायता, प्रभावित गांव पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

Share on Social Media


उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जनपद की मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी पीड़ा सुनी तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आवास,आगामी छह माह के राशन तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था प्राथमिकता से की जाए। सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए किसी भी परिवार को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि अग्निकांड से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही माताओं-बहनों, बुजुर्गों और बच्चों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि गांव में जलाशय,हेलीपैड सहित जरूरी विकास कार्य भी कराए जाएंगे, लेकिन फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास करना है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने घर और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को समझते हुए सरकार उन्हें दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए हरसंभव सहायता देगी। किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *