देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेशभर में पखवाड़ेभर चलाए गए हस्ताक्षर अभियान का आज संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ के साथ समापन हुआ। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों की संख्या में देहरादून पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना और संविधान रक्षा से संबंधित तख्तियां हाथों में लेकर भाजपा सरकार की नीतियों, भ्रष्टाचार तथा संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए लोकभवन की ओर कूच किया।


मार्च में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों, प्रदेश पदाधिकारियों, अनुषांगिक संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्यों तथा हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेशभर में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए गए हस्ताक्षर अभियान और संविधान बचाओ-देश बचाओ अभियान को कार्यकर्ताओं का व्यापक समर्थन मिला है। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने संगठनात्मक एकजुटता और जनमुद्दों पर संघर्ष करने के संकल्प को और मजबूत किया है। अभियान के दौरान जनता ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान दिवस पर आयोजित संविधान रक्षा मार्च में उमड़ा जनसैलाब इस बात का संदेश है कि भाजपा सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वतंत्रता को प्रभावित करने के कथित प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है। राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए चल रही लड़ाई में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों, चुनाव आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए कर रही है। सत्ता के केंद्रीकरण, विपक्ष की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की प्रवृत्ति देश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि सत्ता का अहंकार लोकतंत्र का विकल्प नहीं हो सकता और जनता के अधिकारों को किसी भी कीमत पर कुचलने नहीं दिया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और अधिकारों का आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और गरिमा के साथ जीवन जीने की गारंटी दी है। कांग्रेस पार्टी संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों, भ्रष्टाचार और सत्ता के कथित दुरुपयोग से आम जनता परेशान है। जनता से जुड़े बुनियादी सवालों का समाधान करने के बजाय सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने में जुटी है। कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों, प्रदेश के हितों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपने आंदोलन को और व्यापक बनाएगी।
कार्यक्रम से पूर्व कांग्रेसजनों ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके उपरांत संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया तथा संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा की शपथ ली गई।
