शासन और मजदूर संगठनों के बीच हुई वार्ता के अनुरूप स्कीम वर्करों और श्रमिकों की मांगों का सम्मानजनक समाधान करे सरकार : सीटू

Share on Social Media

देहरादून। राज्य कैबिनेट की बैठक के बाद सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) ने उत्तराखंड सरकार से मांग की है कि 23 नवंबर 2026 को राज्य सचिवालय में शासन, स्कीम वर्करों और विभिन्न मजदूर संगठनों के बीच हुई वार्ता में बनी सहमति के अनुरूप श्रमिकों की मांगों का सम्मानजनक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। सीटू ने कहा कि सरकार केवल आश्वासन देने तक सीमित न रहे, बल्कि उन्हें तत्काल धरातल पर लागू करने के लिए ठोस कदम उठाए।

सीटू ने कहा कि हाल ही में शासन, विभिन्न विभागों, श्रम विभाग के अधिकारियों और मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं भोजनमाताओं के मानदेय में वृद्धि पर सहमति बनी थी। शासन की ओर से इस संबंध में दो दिन के भीतर आधिकारिक अधिसूचना जारी करने का आश्वासन भी दिया गया था। सीटू ने सरकार से मांग की है कि वार्ता में बनी सहमति के अनुरूप तत्काल अधिसूचना जारी कर श्रमिकों को राहत प्रदान की जाए।

सीटू नेतृत्व ने आरोप लगाया कि सरकार लंबे समय से मजदूरों और स्कीम वर्करों की मांगों को आश्वासनों के जरिए टालती आ रही है। पूर्व में भी विभिन्न स्तरों पर हुए समझौतों के बावजूद 18 महीने तक सहमति के अनुरूप मांगों को लागू नहीं किया गया। आशा, आंगनबाड़ी, भोजनमाता, मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं में कार्यरत श्रमिकों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी करना उनके साथ अन्याय है।

सीटू ने सरकार से मांग की है कि स्कीम वर्करों के मानदेय में प्रस्तावित वृद्धि के साथ ही उन्हें मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं, फंड, पेंशन एवं एकमुश्त भुगतान से संबंधित मांगों पर शीघ्र आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाए। इसके साथ ही मजदूर संगठनों द्वारा उठाए गए सभी उचित मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए स्थायी समाधान निकाला जाए तथा शासन स्तर पर हुई वार्ताओं में दिए गए आश्वासनों और समझौतों को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए।

सीटू ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस बार भी मजदूरों और स्कीम वर्करों की मांगों को नजरअंदाज किया तथा वार्ता में किए गए वादों को पूरा नहीं किया तो मजदूर संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। संगठन ने सरकार से श्रमिकों के हितों के साथ खिलवाड़ बंद करने और शासन एवं मजदूर संगठनों के बीच हुए समझौतों का सम्मानपूर्वक पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *