देहरादून। जनपद में दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित दिशा-ध्याणी कार्यक्रम के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी को कार्यक्रम के सफल संचालन तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को भव्य, प्रभावी और जनोपयोगी स्वरूप देने के लिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल पर विभागीय स्टॉल स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इनके माध्यम से आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय सेवाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी सरल एवं सहज रूप से मिलनी चाहिए। इसके लिए विभागीय स्टॉल आकर्षक, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाए जाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी जसवंत सिंह चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास विभाग जितेन्द्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला खेल अधिकारी शुभांगी गुरूंग, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी चक्रपाणी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
