आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जोशी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी समेत कई नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ

Share on Social Media

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आज प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, सहप्रभारी मनोज यादव एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित जोशी, लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी रही पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी, कैलाश चन्द्र उर्फ किरन डालाकोटी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश जगूड़ी तथा पूर्व राज्य मंत्री नईम कुरैशी ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा एवं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उत्तराखंड राज्य की स्थापना जिन शहीद आंदोलनकारियों के सपनों, संघर्षों और आकांक्षाओं के आधार पर हुई थी, भाजपा सरकार ने उन सपनों को चकनाचूर किया है। राज्य को उसके मूल उद्देश्यों के अनुरूप विकास, रोजगार और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए वर्तमान अहंकारी एवं गैर-जिम्मेदार सरकार को सत्ता से हटाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन से प्रदेश को मुक्ति दिलाने और उत्तराखंड को विकास एवं जनहित की राह पर आगे ले जाने में कांग्रेस ही सक्षम है।

उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करेंगे। अपने-अपने क्षेत्रों में जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ पार्टी संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे एक सामान्य कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे। उनके लिए संगठन की मजबूती और जनसेवा सर्वोपरि रहेगी।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा एवं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक एवं समावेशी विचारधारा वाली पार्टी है, जो सभी धर्मों, वर्गों, समुदायों और जातियों का सम्मान करती है। कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक देश की राजनीति के साथ-साथ सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की पहली निर्वाचित सरकार ने राज्य के विकास की मजबूत नींव रखी थी। प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने, पलायन रोकने और आधारभूत विकास का ढांचा तैयार करने के गंभीर प्रयास किए गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए राज्य के विकास की मजबूत नींव को कमजोर करने के अलावा कुछ नहीं किया। प्रदेश में धार्मिक सद्भाव और सामाजिक एकता को नुकसान पहुंचाकर धार्मिक ध्रुवीकरण के माध्यम से समाज में विभाजन पैदा करने की राजनीति की जा रही है। स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्थाएं बदहाल हैं, महिला अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, शिक्षित बेरोजगार रोजगार के लिए भटक रहे हैं और सरकारी विद्यालय शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली से त्रस्त है तथा प्रदेश में परिवर्तन की आकांक्षा लगातार मजबूत हो रही है। विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि के लोगों का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का संकेत है कि आगामी समय में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होकर जनता की आवाज बुलंद करेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *