अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने दिया पीड़ित माता-पिता को समर्थन

Share on Social Media


देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आज अंकिता के माता-पिता ने देहरादून के गांधी पार्क में धरना दिया। उन्होंने अंकिता के चरित्र पर लांछन लगाने वाले मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य तथा अंकिता के निजी मोबाइल फोन की चैट सार्वजनिक करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।

धरने को समर्थन देने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई जघन्य घटना ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया था। इसके बावजूद आज भी उसके माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार को बार-बार सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि इस दुनिया में नहीं रही एक बेटी के चरित्र पर सवाल उठाकर उसकी गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास बेहद निंदनीय है। अंकिता के निजी मोबाइल फोन की चैट सार्वजनिक करना उसकी निजता और गरिमा का गंभीर उल्लंघन है। इस तरह की हरकतें पीड़ित परिवार के जख्मों को और गहरा करती हैं तथा समाज में भी गलत संदेश देती हैं।

उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की मांग पूरी तरह न्यायसंगत है। कानून की नजर में सभी समान हैं और किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक रसूख अथवा प्रभाव के आधार पर कानून से बचने की छूट नहीं मिलनी चाहिए।

गणेश गोदियाल ने अंकिता के माता-पिता के साथ गांधी पार्क से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय तक मार्च किया। डीजीपी कार्यालय पहुंचकर उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने तथा पूरे मामले में निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन संघर्ष में अंकिता के माता-पिता के साथ मजबूती से खड़ी है। अंकिता को न्याय दिलाने और उसके परिवार को सम्मान एवं न्याय का अधिकार दिलाने की लड़ाई में कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय मिलना केवल एक परिवार का सवाल नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की अस्मिता, प्रदेश की बेटियों की गरिमा और महिला सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। इस लड़ाई को न्याय मिलने तक पूरी मजबूती के साथ जारी रखा जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *