देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की तथा समस्त संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन आदर्शों को जीवन में अपनाकर एक बेहतर और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सिख परंपरा की ‘सरबत दा भला’ की भावना समस्त मानवता के कल्याण का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को सदैव जीवंत रखा है। देश की सीमाओं की रक्षा से लेकर आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता तक सिख समाज का योगदान अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर का खुलना इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड का भी सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड स्थित श्री हेमकुंट साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी तथा बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को विशेष सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में साध संगत उपस्थित रही।
