हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनौरी में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में प्रतिभाग किया। उन्होंने संत रविदास जी के विचारों और आदर्शों को अपनाते हुए सामाजिक समानता एवं समरसता को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास के समरस समाज के विचारों को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। राज्य में जाति, पंथ और वर्ग से ऊपर उठकर सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पिछले छह वित्तीय वर्षों में अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के तहत लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं, छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति बहुल गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। इसके अलावा पात्र परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की सहायता तथा स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा और सम्मानजनक रोजगार के लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलते हुए राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के महंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरी महाराज, महंत अरुणदास जी महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री खजान दास एवं प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
