चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद चम्पावत में ₹165.68 करोड़ की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण तथा 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किया और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं आदर्श चम्पावत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनके माध्यम से जनपद में सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
उन्होंने बताया कि टनकपुर एवं बनबसा में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की जल निकासी योजना स्वीकृत की गई है। टनकपुर में आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे, शारदा कॉरिडोर के विकास, माँ पूर्णागिरि धाम में रोपवे तथा किरोड़ा नाले पर पुल निर्माण के कार्य भी प्रगति पर हैं। बनबसा में लगभग ₹502 करोड़ की लैंड पोर्ट परियोजना से व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
धामी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, ₹55.53 करोड़ से विज्ञान केंद्र तथा लगभग ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाना है। आदर्श चम्पावत का विकास आदर्श उत्तराखण्ड के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, महिला बकरी पालन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि कवच एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निर्मल मेहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
