हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर हरिद्वार के अमरापुर घाट पर मत्स्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक होने के साथ ही समृद्ध जैव विविधता का महत्वपूर्ण आधार हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता एवं प्राकृतिक स्वरूप बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नदियों में मत्स्य बीजों का संचयन जलीय जैव विविधता एवं प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने आमजन से नदियों की स्वच्छता, जल प्रदूषण रोकने तथा जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
