23 नवंबर को सचिवालय कूच कर प्रदर्शन करेंगी तीनों यूनियनें, शासन से होगी वार्ता

Share on Social Media


देहरादून। मानदेय में वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) से संबद्ध आंगनवाड़ी कार्यकत्री सेविका कर्मचारी यूनियन, उत्तराखंड आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री यूनियन तथा उत्तराखंड भोजन माता कामगार यूनियन ने देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर धरना-प्रदर्शन कर धामी सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क के गेट पर धरना दिया, आशा कार्यकर्ताओं ने चंदन नगर स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय तथा भोजन माताओं ने शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

सीटू के प्रांतीय महामंत्री लेखराज ने बताया कि तीनों यूनियनों द्वारा मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर 18 एवं 19 नवंबर को सचिवालय में महापड़ाव आयोजित किया गया था। शासन के साथ वार्ता के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित किया गया था। अब शासन द्वारा 23 नवंबर को दोपहर 1 बजे वार्ता का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि वार्ता से पूर्व तीनों यूनियनों द्वारा गांधी पार्क से सचिवालय तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा।

लेखराज ने आरोप लगाया कि धामी सरकार श्रमिकों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं कर रही है। आंगनवाड़ी, आशा एवं भोजनमाता कार्यकर्ता लंबे समय से बेहद कम मानदेय पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं, लेकिन उनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति में सुधार के लिए सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों की अनदेखी जारी रखी तो आगामी विधानसभा चुनाव में उसे इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

गांधी पार्क में आयोजित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के धरने में सीटू के प्रांतीय सचिव लेखराज, आंगनवाड़ी यूनियन की महामंत्री चित्रकला, सुनीता रावत, मनीषा राणा, सीमा सिंह, बिनु गुरुंग, सपना क्षेत्री, सुनीता, अनीता शाही, तारा बिष्ट, रीना नेगी, सटेश्वरी, बसंती, ममता, देवेश्वरी एवं दुर्गा देवी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

चंदन नगर स्थित सीएमओ कार्यालय में आशा कार्यकर्ताओं के धरने में सीटू के जिला उपाध्यक्ष भगवंत पयाल, आशा यूनियन की कलावती चंदोला, नीरज यादव, कमलेश भट्ट, लक्ष्मी रावत, नीरा कंडारी, अनीता भट्ट, स्नेहलता एवं सुनीता चौहान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

वहीं, शिक्षा निदेशालय में भोजन माताओं ने प्रदर्शन कर संयुक्त निदेशक मध्याह्न भोजन श्रीकांत पुरोहित को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सीटू के जिला कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार नौडियाल, हरीश कुमार, भोजनमाता यूनियन की महामंत्री मोनिका, बबीता, कमला गुरुंग, नीलम शर्मा, राजो देवी, सुनीता, मीना डंगवाल, शहनाज, सरवरी, सईदा, जुलेखा, रोशनी, आरती देवी, भावना एवं सुमिता सहित बड़ी संख्या में भोजनमाताएं मौजूद रहीं।

तीनों यूनियनों ने सरकार से मानदेय वृद्धि सहित अपनी लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की तथा चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *