प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक मजबूती एवं 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक

Share on Social Media


देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने अपने छह दिवसीय प्रदेश भ्रमण के समापन पर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर कांग्रेस संगठन को प्रदेशभर में अधिक सक्रिय, मजबूत एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी की नीतियों, विचारधारा एवं जनहित के एजेंडे को आम जनता तक पहुंचाने तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और विफलताओं को जनता के सामने उजागर करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार करने पर चर्चा हुई।

प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों एवं मजदूरों की समस्याएं, पलायन, बदहाल स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था तथा प्रदेश की परिसंपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे गंभीर मुद्दों पर बैठक में चिंता व्यक्त की गई। इन समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेशव्यापी जनसंवाद, जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान एवं आंदोलनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से जनता की आवाज बुलंद करने पर जोर दिया गया।

कुमारी सैलजा ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से राजनीतिक परिस्थितियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों का विस्तृत फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता, आपसी समन्वय एवं एकजुटता के साथ संचालित किया जाना चाहिए। संगठन के सभी स्तरों पर सक्रियता, जवाबदेही एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की आवश्यकता है।

बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर भाजपा सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाएगी तथा प्रदेश की जनता के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और उत्तराखंड के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष को और व्यापक एवं प्रभावी बनाएगी।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा एवं गुरदीप सिंह सप्पल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी तथा उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी सहित प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *