देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 103 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें भूमि विवाद, अवैध कब्जे, आर्थिक सहायता, प्रमाण पत्र, विद्युत एवं अन्य जनसमस्याएं शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए 180 दिन से लंबित शिकायतों पर संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता कर निस्तारण की वास्तविक स्थिति भी जांची तथा लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
समाधान दिवस में बुजुर्गों से संबंधित संपत्ति विवाद, मरीज को अस्पताल में भर्ती न किए जाने, जाति एवं उत्तरजीवी प्रमाण पत्र, भूमि पर अवैध कब्जे, आर्थिक सहायता, विद्युत मीटर तथा सड़क एवं सीवर निर्माण से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। गरीब परिवार की बेटी के विवाह हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता का प्रस्ताव भेजने तथा विद्युत पोल बदलने की लंबित शिकायतों का तत्काल समाधान करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, जीतेंद्र कुमार, एसडीएम राजकुमार पांडेय, अभय प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
