देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार की दीदी-वैणी योजना पर सवाल उठाते हुए इसे चुनावी लाभ लेने का प्रयास बताया।

गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार पांच साल तक महिलाओं की आर्थिक परेशानियों की अनदेखी करती रही और अब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही महिलाओं के खातों में ₹10-10 हजार देने की घोषणा कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री द्वारा योजना को चुनाव में गेम चेंजर बताना स्वयं इसकी चुनावी मंशा को उजागर करता है। कांग्रेस की मांग है कि महिलाओं को एकमुश्त धनराशि देने के बजाय प्रत्येक माह सम्मान राशि प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने योजना के लाभार्थियों की संख्या सीमित रखने पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 43 लाख वयस्क महिलाओं के मुकाबले केवल 5 लाख 23 हजार महिलाओं का चयन किया गया है। उन्होंने मांग की कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं को दिया जाए तथा चुनाव के बाद प्रस्तावित ₹10 हजार की राशि भी दिसंबर माह में ही महिलाओं के खातों में हस्तांतरित की जाए।

प्रीतम सिंह ने भाजपा पर महिलाओं के सम्मान के नाम पर चुनावी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी का नाम उजागर करने के मामले में भाजपा की भूमिका पर आज भी सवाल बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के टैक्स के पैसे से चुनावी लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं का वास्तविक सम्मान केवल चुनावी घोषणाओं और एकमुश्त आर्थिक सहायता से सुनिश्चित नहीं हो सकता। इसके लिए स्थायी आर्थिक सुरक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बेरोजगार परिवारों को रोजगार से जोड़ने की ठोस व्यवस्था की जाएगी तथा सभी महिलाओं को प्रतिमाह महिला सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी, पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, प्रदेश मीडिया कमेटी की राष्ट्रीय समन्वयक पंखुड़ी पाठक एवं प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
