देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति में हरिद्वार जनपद से विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े करीब 100 लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में शामिल होने वाले लोगों ने पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
मनोज धनगर एवं एससी विभाग के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस का पटका एवं माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग लगातार कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। उनके अनुसार, यह प्रदेश की जनता के बीच भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर बढ़ रही असंतुष्टि का संकेत है।
गोदियाल ने कांग्रेस में शामिल हुए सभी साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही उनकी जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनता से संवाद करने, कांग्रेस की नीतियों एवं कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले वर्षों में भाजपा सरकारों के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, पेपर लीक और युवाओं के आंदोलनों से जुड़े कई मुद्दे सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़े मामलों को लेकर भी जनता के बीच सवाल उठ रहे हैं। गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में घट रही विभिन्न घटनाओं को लेकर जनता जवाब चाहती है और कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें अब लोगों के मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों को भी कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
केदारनाथ और बद्रीनाथ मंदिरों से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर गोदियाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आस्था के प्रमुख केंद्रों को लेकर उठे सवालों का जवाब जनता मांग रही है। उन्होंने कहा कि इन मामलों को लेकर कांग्रेस अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी और जनता के बीच इन मुद्दों को लेकर जागरूकता पैदा की जाएगी।
गोदियाल ने नए सदस्यों से संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को विकास, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के मार्ग पर आगे ले जाना है।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह शाह, महामंत्री अमरजीत सिंह, हुकुम सिंह कठैत सहित अनेक प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
