उत्तराखण्ड को मिली तीन नई रेल सेवाओं की सौगात, हरिद्वार तक बढ़ेगी गरीब रथ एक्सप्रेस

Share on Social Media


देहरादून। उत्तराखण्ड में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ ही हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी प्रदान की है। इस निर्णय की जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र के माध्यम से दी है।

मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय एवं पर्यटन राज्य के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी अत्यंत महत्वपूर्ण है। नई रेल सेवाओं और मौजूदा रेल सेवा के विस्तार से प्रदेश की धार्मिक, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को और गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार देश के प्रमुख धार्मिक केंद्रों में शामिल है और उत्तराखण्ड के चारधाम सहित विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख प्रवेश द्वार की भूमिका निभाता है। ऐसे में हरिद्वार को देश के प्रमुख शहरों और धार्मिक स्थलों से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने से यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।

हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस के संचालन से उत्तराखण्ड का गुजरात के वेरावल क्षेत्र से सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा, जबकि हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस के माध्यम से यात्रियों को सौराष्ट्र एवं द्वारका क्षेत्र के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस के हरिद्वार तक विस्तार से उत्तराखण्ड का मुंबई क्षेत्र से रेल संपर्क और सुविधाजनक होगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को लाभ मिलेगा तथा प्रदेश में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड में सड़क, रेल और अन्य परिवहन सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना सहित विभिन्न रेल परियोजनाओं के साथ नई रेल सेवाओं का विस्तार राज्य के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास को नई गति प्रदान करेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *