हरियाणा के युवाओं ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट, साझा किए उत्तराखण्ड भ्रमण के अनुभव

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने भेंट की। युवाओं ने भ्रमण के दौरान उत्तराखण्ड में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

युवाओं ने कहा कि भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से जानने और सरकारी योजनाओं से स्थानीय लोगों के जीवन में आ रहे बदलावों को समझने का अवसर मिला। उन्होंने राज्य की सड़क एवं डिजिटल कनेक्टिविटी, रेलवे विस्तार, स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की भी प्रशंसा की। युवाओं ने कहा कि होम-स्टे के माध्यम से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं, जबकि पर्यटन एवं तीर्थाटन सुविधाओं के विस्तार से राज्य में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ देवभूमि उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अंतर-राज्यीय युवा भ्रमण कार्यक्रमों से विभिन्न राज्यों की संस्कृति, विकास कार्यों, नवाचारों और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है तथा राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान मजबूत होता है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे उत्तराखण्ड में तीन दिनों के दौरान प्राप्त अपने अनुभवों को मित्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा उत्तराखण्ड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर के रूप में राज्य की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों को देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के बीच इस प्रकार का संवाद देश की विविधता को समझने और एक-दूसरे से सीखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने दोनों राज्यों के युवाओं के बीच संस्कृति, पर्यटन, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *