देहरादून। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप-9, 10, 11ए एवं 11बी की सूचियां भी उपलब्ध कराई गईं।
उन्होंने बताया कि 13 अगस्त तक जिले में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रारूप-6 में 39,025 आवेदन, नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 में 10,235 दावे/आपत्तियां तथा विवरण संशोधन के लिए प्रारूप-8 में 10,718 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रारूप-7 के तहत प्राप्त प्रत्येक आपत्ति पर संबंधित बीएलओ द्वारा संबंधित व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नोटिस तामील कराया जाएगा। नोटिस प्राप्त होने के सात दिन बाद ही सुनवाई शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें संबंधित मतदाता और आपत्तिकर्ता दोनों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलेगा।
डॉ. चौहान ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, ठोस आधार अथवा प्रमाण के अभाव में किसी भी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने एसआईआर के अंतिम एवं महत्वपूर्ण चरण में सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय, रचनात्मक एवं सहयोगात्मक भागीदारी का आह्वान किया।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि जिन नागरिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे, उन्हें उनके बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से संबंधित बूथ तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि सभी दावों एवं आपत्तियों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रारूप-7 में मिथ्या घोषणा प्रस्तुत करने वालों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत दंडनीय कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार जिले में 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। वर्ष 2003 एवं 2026 की मतदाता सूचियों के मिलान में विवरण की विसंगति, अपूर्ण जानकारी अथवा सही मिलान न होने के कारण 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें 3,95,772 मतदाताओं के विवरण में विसंगति तथा 1,52,170 मतदाताओं की मैपिंग नहीं होने के कारण नोटिस जारी किए गए हैं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित कांग्रेस के डॉ. जसविंदर सिंह, प्रशांत खंडूड़ी एवं सुनील जायसवाल, आम आदमी पार्टी के कमल राणा तथा वर्चुअल माध्यम से विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
