देहरादून। विकासखंड रायपुर की 16 ग्राम पंचायतों में एसबीआई फाउंडेशन के सहयोग से वेस्ट वॉरियर्स संस्था द्वारा संचालित ‘Waste No More in Dehradun’ परियोजना के अंतर्गत पर्यावरण सखी मॉडल के माध्यम से कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा रहा है। इसी क्रम में पर्यावरण सखियों को खंड विकास कार्यालय, रायपुर में नया कचरा संग्रहण वाहन सौंपा गया।
पर्यावरण सखियां पहले से ई-लोडर के माध्यम से घर-घर जाकर सूखे कचरे का संग्रहण कर रही हैं। नए वाहन से कचरे के नियमित संग्रहण, सुरक्षित परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। इससे पर्यावरण सखियों की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ अधिक घरों तक नियमित कचरा संग्रहण सेवा पहुंचाई जा सकेगी।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख सरोजनी ज्वाड़ी, एबीडीओ मोहन लाल रतूड़ी, ग्राम प्रधान धनौला सोनिया थापा तथा स्वजल सामुदायिक विशेषज्ञ मंजू जोशी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण सखियों के प्रयासों की सराहना करते हुए नए वाहन को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
पर्यावरण सखी समूह में 10 स्थानीय महिलाएं शामिल हैं, जो घर-घर से सूखा कचरा एकत्र कर धनौला स्थित केंद्र तक पहुंचाती हैं। केंद्र में कचरे को 18 से 20 श्रेणियों में अलग-अलग कर उसका व्यवस्थित प्रबंधन किया जाता है। नए वाहन से संग्रहण और परिवहन की प्रक्रिया अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में वेस्ट वॉरियर्स नवीन कुमार सदाना, विनोद सोलंकी एवं असलम खान तथा पर्यावरण सखियों में आरती ज्वाड़ी, बीना रावत, पूजा, शांति सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।