देहरादून। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदाता सूची से संबंधित दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण हेतु लगाए गए विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, उनके सत्यापन की प्रगति तथा अभिलेखों के संधारण की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
डॉ. चौहान ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश देते हुए आवश्यक प्रपत्रों एवं अभिलेखों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा नागरिकों को दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया की समुचित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर अभियान के अंतर्गत प्राप्त प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष सत्यापन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अभियान की नियमित मॉनिटरिंग, दैनिक समीक्षा तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, बूथ लेवल अधिकारी बीएलओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
