देहरादून में 5-6 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट, ट्रैकिंग और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर रोक

Share on Social Media


देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद देहरादून में 05 एवं 06 अगस्त को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित आपदा की स्थिति के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने तथा आपदा प्रबंधन संबंधी सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि ऑरेंज अलर्ट की अवधि में पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों, आपदा प्रबंधन से जुड़े नामित अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं तथा संबंधित विभागों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए।

लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने पर उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुचारु कराया जाए। वहीं नगर निकायों को नालियों, कल्वर्टों एवं जल निकासी मार्गों से अवरोध हटाकर जलभराव की स्थिति रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

समस्त राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी थाना एवं चौकियों को आपदा राहत उपकरणों तथा वायरलेस संचार व्यवस्था के साथ हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल फोन हर समय सक्रिय रखने तथा बरसाती, टॉर्च, हेलमेट सहित आवश्यक उपकरण अपने वाहनों में उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में लोग फंसते हैं तो उनके लिए खाद्य सामग्री, पेयजल एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 7534820006, 0135-2720000, 0135-2620006 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर दें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *