एसआईआर अभियान: 20.27 लाख मतदाताओं तक पहुंचे नोटिस, 1.05 लाख से अधिक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त

Share on Social Media


देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एसआईआर के नोटिस चरण में 24.30 लाख नोटिसों के सापेक्ष अब तक 20.27 लाख नोटिस संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई से 5 अगस्त तक चले दावे एवं आपत्तियों के चरण में अब तक फॉर्म-6 के 57 हजार, फॉर्म-7 के 22,668 तथा फॉर्म-8 के 26,145 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान को लेकर राजनीतिक दलों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है। विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) तथा राज्य स्तर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं। नोटिसों के निस्तारण के लिए सक्षम अधिकारी लगातार क्षेत्रीय भ्रमण कर रहे हैं तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सुनवाई के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर जारी नोटिसों की सुनवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रेस वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *