लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने मसूरी, कोल्हूखेत, पानी वाले बैंड सड़क का औचक निरीक्षण किया अधिकारियों को तय समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश

Share on Social Media

देहरादून।  प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने मसूरी के कोल्हूखेत स्थित पानी वाले बैंड के पास भारी बारिश के कारण हाल ही में क्षतिग्रस्त हुई सड़क का औचक निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने देहरादून–मसूरी राज्य मार्ग संख्या-1 के किलोमीटर 18 पर क्षतिग्रस्त सिंगल लेन पुल के स्थान पर निर्माणाधीन डबल लेन पुल का भी निरीक्षण किया।

आज दोनों स्थलों का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण मंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क की मरम्मत तथा पुल निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।

उन्होंने बताया कि 20 जुलाई 2026 की रात्रि को देहरादून–मसूरी राज्य मार्ग संख्या-1 पर पानी वाले मोड़ के पास लगभग 20 मीटर लंबाई में सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे मार्ग की चौड़ाई घटकर लगभग 2.50 मीटर रह गई थी। विभाग द्वारा तत्काल जेसीबी मशीनों की सहायता से मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। वर्तमान में अतिरिक्त पहाड़ कटान के लिए वार्ता चल रही है, ताकि यातायात पूरी तरह सुचारु बनाया जा सके।

मंत्री ने बताया कि आज उत्तराखंड की स्लोप ट्रीटमेंट विशेषज्ञ संस्था यूएसएसडीएमसी (USDMA/उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) के विशेषज्ञों द्वारा मोटर मार्ग के किलोमीटर 20 एवं 25 का निरीक्षण किया गया है, जिससे आवश्यक सुरक्षा कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जा सकें।

सतपाल महाराज ने बताया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में देहरादून–मसूरी राज्य मार्ग संख्या-1 के किलोमीटर 18 पर क्षतिग्रस्त सिंगल लेन पुल के स्थान पर 12 करोड़ रुपये की लागत से 60 मीटर स्पैन का डबल लेन क्लास-70 आर लोडिंग स्टील बॉक्स पुल बनाया जा रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि पुल का फैब्रिकेशन कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है तथा ग्राउंड इरेक्शन का कार्य प्रगति पर है, जिसे 30 जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।

देहरादून की ओर से 7 पाइलों की खुदाई एवं कंक्रीटिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष 2 पाइलों का कार्य भी 30 जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं मसूरी की ओर से 9 पाइलों में से 3 पाइलों की खुदाई एवं कंक्रीटिंग का कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष पाइलों पर कार्य तेजी से जारी है। निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए देहरादून की ओर रिंग मशीन द्वारा खुदाई का कार्य भी किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता ओ.पी. सिंह तथा अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *