पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पवित्र बौखनाग धाम को घोषित किया धार्मिक पर्यटन स्थल

Share on Social Media


देहरादून। उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने बाबा बौखनाग की पवित्र तपोस्थली बौख (बौखनाग धाम) को धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित करने के निर्देश जारी किए हैं।

18 जुलाई 2026 को बाबा बौखनाग की पवित्र डोली यात्रा के जनपद आगमन के अवसर पर श्री बाबा बौखनाग देव समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से भेंट कर यमुना और गंगा घाटी के मध्य स्थित सिलक्यारा सुरंग के ऊपर बाबा बौखनाग की तपोभूमि बौख टिब्बा (बौखनाग धाम) को पर्यटन स्थल घोषित करने का अनुरोध किया था। मंत्री ने इस मांग का तत्काल संज्ञान लेते हुए बौखनाग धाम को धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित करने तथा पर्यटन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के आदेश दिए।

सतपाल महाराज ने कहा कि बाबा बौखनाग की पवित्र तपोस्थली बौख टिब्बा में प्रत्येक तीसरे वर्ष ‘सेम नाग राजा’ के नाम से प्रसिद्ध त्रैवार्षिक राजकीय मेले का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जाता है। यह स्थल यमुना एवं गंगा घाटी के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से इस क्षेत्र का विशेष महत्व है। स्थानीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए बौखनाग धाम को धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *