देहरादून। कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को ऋषिकेश में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग एवं प्रमुख व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई 2026 तक पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आईडीपीएल मैदान का निरीक्षण करते हुए कांवड़ियों के ठहराव के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित वाहन पार्किंग, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का पूरा सम्मान किया जाए और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्ग का पैचवर्क, गड्ढों की मरम्मत, पुलों की रेलिंग दुरुस्त करने तथा पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइट एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को गंगा घाटों पर सुरक्षा चेन एवं स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम करने तथा नगर निगम ऋषिकेश को घाटों की नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था, डेंगू की रोकथाम के लिए फॉगिंग एवं दवा छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर निगम को आईडीपीएल मैदान में विशेष सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था करने के साथ ही मैदान को इस प्रकार तैयार करने के निर्देश दिए गए कि वाहनों के फंसने की स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा दल, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) एवं मेडिकल कैंप स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गत वर्ष की कांवड़ यात्रा के दौरान सामने आई कमियों का गंभीरता से विश्लेषण कर इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनके सुझाव भी प्राप्त किए तथा आश्वस्त किया कि मेले से पूर्व एवं समापन के बाद आईडीपीएल मैदान तथा पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर विशेष
स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।उन्होंने संबंधित विभागों को अवैध दुकानों एवं फर्जी नाम से संचालित ढाबों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग एवं जिला पूर्ति अधिकारी को होटल-ढाबों में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच, मूल्य सूची का अनिवार्य प्रदर्शन तथा ओवररेटिंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिलाधिकारी ने नेपाली फार्म क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित होगा। 31 जुलाई से 4 अगस्त तक श्रद्धालुओं की सर्वाधिक भीड़ रहने की संभावना है, जबकि 8 से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ का संचालन होगा। 11 अगस्त को शिवालयों में जलाभिषेक के साथ यात्रा का समापन होगा। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग को चार जोन एवं 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल,
पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोहरा, नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ला, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भृगुनाथ द्विवेदी, तहसीलदार प्रदीप नेगी सहित सड़क, परिवहन, विद्युत, पेयजल, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।