सतपुली एवं स्योंसी झील परियोजनाओं से पर्यटन और आजीविका को मिलेगा नया आयाम : सतपाल महाराज

Share on Social Media


बीरोंखाल,पौड़ी। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने सतपुली मंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुल्हाड़ में 123.18 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 2 किलोमीटर लंबे कुल्हाड़–किंसूर मोटर मार्ग का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सतपुली झील एवं स्योंसी झील परियोजनाओं के पूर्ण होने से चौबट्टाखाल क्षेत्र पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित होगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।

सतपाल महाराज ने बताया कि सतपुली में लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से झील का निर्माण किया जा रहा है, जहां वाटर स्पोर्ट्स, पैराग्लाइडिंग और अन्य पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं बीरोंखाल क्षेत्र में 123.41 करोड़ रुपये की स्योंसी झील (बैराज) परियोजना पर्यटन को गति देने के साथ-साथ जल संरक्षण एवं क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, जमरानी एवं सौंग बांध जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *