मानसून तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Share on Social Media


देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए शहर की तैयारियों, सड़क सुरक्षा, जल निकासी, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनसुविधाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने रिस्पना एवं बिंदाल नदी किनारे संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने, नालों की नियमित सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों में अग्रिम व्यवस्था तथा सड़क कटिंग के बाद तत्काल रिस्टोरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क की खराब स्थिति से किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में डेंगू एवं मलेरिया नियंत्रण के लिए नियमित फॉगिंग, लार्वा नष्ट करने की कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी कर प्रसव से पूर्व सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्रों में स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने पेयजल की गुणवत्ता, होटल-रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा जांच, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, रैनबसेरों में आवश्यक सुविधाएं, जर्जर भवनों पर नियमानुसार कार्रवाई तथा लटकते विद्युत तारों को प्राथमिकता से ठीक करने के निर्देश दिए। यूपीसीएल को मानसून के दौरान विद्युत व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने को भी कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *