देहरादून।भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी,उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जिला कार्यालय स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, प्रतिनिधियों एवं सचिवों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इस प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी राजनीतिक दलों,बूथ लेवल अधिकारियों बीएलओ तथा बूथ लेवल एजेंटों बीएलए का समन्वित सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए उत्तराखण्ड सहित विभिन्न राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं तथा प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के कुल 13,76,813 मतदाताओं में से 13,55,948 (98.48 प्रतिशत) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 10,98,179 (79.76 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण हो चुका है। वर्तमान में 1,42,485 (10.35 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन तथा 1,36,149 (9.89 प्रतिशत) मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त होना शेष है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से मतदाताओं से गणना प्रपत्र समयबद्ध रूप से प्राप्त कर जमा कराने में सक्रिय सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिन मतदाताओं तक किसी कारणवश गणना प्रपत्र नहीं पहुँच पाया है, उनके संबंध में बीएलओ स्थानीय जांच के आधार पर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट मतदाताओं की पृथक सूची तैयार करेंगे। यह सूची पंचायत भवनों, नगर निकाय कार्यालयों, मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी और राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाती है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने हेतु सभी दलों से जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग का पूर्ण सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे
