देहरादून। प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सेवायोजन विभाग की पहल लगातार सकारात्मक परिणाम दे रही है। सोमवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून परिसर में आयोजित लघु रोजगार मेले में 39 अभ्यर्थियों का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन किया गया, जबकि 23 अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया।
प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित रोजगार मेले में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लेकर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार दिए। रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे युवाओं में उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिला।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें विंडलास बायो मेडिसिन, आईपीसीए लेबोरेटरीज, एलआईसी, भारती एयरटेल, निर्माण ऑर्गेनाइजेशन सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया संपन्न की।
देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे युवाओं ने कंपनियों के स्टॉलों पर जाकर रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा अपनी योग्यता के अनुरूप आवेदन किए।
उत्तरकाशी से आए अभ्यर्थी प्रमोद ने जिला प्रशासन एवं सेवायोजन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का प्रभावी मंच उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें रोजगार मेले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली और ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि युवाओं को अधिकाधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता रहेगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित 14 कंपनियों में से 12 कंपनियों ने मेले में प्रतिभाग किया, जिससे अभ्यर्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
