रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रामनगर स्थित अहाना रिसॉर्ट हेलीपैड पहुंचे। उनके आगमन पर मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने उनका स्वागत किया।
हेलीपैड पर बड़ी संख्या में उपस्थित बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री स्वयं उनके बीच पहुंचे। मुख्यमंत्री के बच्चों के बीच पहुंचते ही उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी एवं समूह फोटो खिंचवाए तथा आत्मीय संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को अनुशासित जीवन, कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं बड़ों का सम्मान करने का आह्वान किया। बच्चों ने भी मुख्यमंत्री के साथ बिताए इन यादगार पलों का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र से आए नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
