काशीपुर। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने एक दिवसीय काशीपुर भ्रमण के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माणाधीन एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क, एस्कॉर्ट फार्म स्थित सिडकुल क्षेत्रीय कार्यालय, सिडकुल हेमपुर नेपा फार्म, काशीपुर-रामनगर फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग तथा काशीपुर बाईपास रिंग रोड परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधरोपण भी किया।
फोर लेन स्वीकृत काशीपुर-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं काशीपुर बाईपास रिंग रोड के निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग, हरीश पंगती ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के 5.75 किमी से रामनगर की ओर 18.26 किमी तक फोर लेन सड़क का निर्माण स्वीकृत है, जिसकी अनुमानित लागत ₹494.45 करोड़ है।
उन्होंने बताया कि परियोजना का टेंडर पूर्ण हो चुका है तथा भूमि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जारी है। वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जा चुका है। सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से बाईपास परियोजना की विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं का लाभ आम जनता को समयबद्ध रूप से मिल सके।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष डीडीए जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल विपिन कुमार, अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग हरीश पंगती, अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेंद्र नवानी, तहसीलदार पंकज चंदोला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
