देहरादून,19 जून। जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणना प्रपत्र वितरण, डिजिटाइजेशन कार्य तथा राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की स्थिति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने एवं समय पर उपलब्ध कराने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।
निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मतदान स्थल पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-2 की नियुक्ति की जा रही है। बैठक में बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1,847, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा 1,765 तथा सीपीआई (एम) द्वारा 463 बीएलए-2 नियुक्त किए गए हैं। जिलाधिकारी ने अन्य राजनीतिक दलों से भी बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की नियुक्ति कर उनकी सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। इसके उपरांत 14 जुलाई को प्रारूप निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी तथा दावा एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 13,76,813 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 17 जून 2026 तक 13,52,297 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 98.22 प्रतिशत है। साथ ही 2,06,444 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।
विधानसभावार समीक्षा में चकराता विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 99.46 प्रतिशत तथा मसूरी विधानसभा क्षेत्र में 99.83 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरण कार्य पूरा किया जा चुका है। जनपद में कुल 1,881 बीएलओ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में कार्यरत हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। जो मतदाता अपने पते पर उपलब्ध नहीं मिल रहे हैं, उनके संबंध में नियमानुसार सत्यापन की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय जांच के आधार पर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट प्रविष्टियों का अभिलेखीकरण कर सूची सार्वजनिक की जाएगी।
विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित शिकायतों एवं जानकारी के लिए जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम एवं हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। हेल्प डेस्क के दूरभाष नंबर 0135-1950, 0135-2726066 तथा मोबाइल नंबर 8273702146 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, सीपीआई (एम) से अनंत आकाश, बीएसपी से सत्येन्द्र सिंह एवं सतेन्द्र चौपड़ा, भाजपा से अरविन्द जैन, उमेश तिवारी, संदीप मुखर्जी एवं सत्यपाल, आम आदमी पार्टी से चौधरी रविन्द्र कुमार एवं अशोक सेमवाल, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
