Share on Social Media

परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के माध्यम से जनता तक पहुंचेंगी कांग्रेस

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आगामी “परिवर्तन संकल्प सम्मेलन” की रूपरेखा साझा करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की असुरक्षा और बढ़ते भ्रष्टाचार से आमजन परेशान हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी भाजपा की जनविरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का आयोजन कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में पर्वतीय क्षेत्रों की विधानसभा सीटों को चार जोनों में विभाजित किया गया है। जोन-1 के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल होंगे, जिनके साथ विधायक मयूख महर, हरीश धामी एवं खुशाल सिंह अधिकारी शामिल रहेंगे। यह कार्यक्रम 28 जून से 2 जुलाई तक चम्पावत, लोहाघाट, पिथौरागढ़, डीडीहाट, धारचूला, गंगोलीहाट, बागेश्वर और कपकोट विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होगा।

जोन-2 की जिम्मेदारी चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत को सौंपी गई है। उनके साथ सुरेंद्र सिंह नेगी, शूरवीर सिंह सजवान, विधायक लखपत सिंह बुटोला, पूर्व विधायक जीत राम एवं मनोज रावत रहेंगे। यह कार्यक्रम 28 जून से 7 जुलाई तक यमकेश्वर, कोटद्वार, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल, श्रीनगर, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, बदरीनाथ, थराली एवं कर्णप्रयाग में आयोजित होगा।

जोन-3 के प्रभारी प्रीतम सिंह होंगे, जिनके साथ उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक विक्रम सिंह नेगी शामिल रहेंगे। 28 जून से 7 जुलाई तक पुरोला, यमुनोत्री, गंगोत्री, प्रतापनगर, घनसाली, टिहरी, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग एवं धनोल्टी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जोन-4 की जिम्मेदारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को दी गई है। उनके साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी, मदन बिष्ट एवं सुमित हृदयेश शामिल रहेंगे। यह कार्यक्रम 29 जून से 9 जुलाई तक हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी, भीमताल, नैनीताल, रामनगर, जागेश्वर, अल्मोड़ा, सोमेश्वर, द्वाराहाट, रानीखेत एवं सल्ट विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होंगे।

प्रीतम सिंह ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसभा, संवाद कार्यक्रम तथा धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता हरीश रावत एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य किसी भी जोन के कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है और प्रदेश के संसाधनों पर सत्ता से जुड़े लोगों का कब्जा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन पट्टों और क्रशरों का लाभ केवल भाजपा समर्थकों को दिया जा रहा है तथा विरोध करने वालों के पट्टे छीने जा रहे हैं। उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश को सही दिशा देने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार की वास्तविकता को जनता के सामने लाने में उसकी भूमिका अहम है।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में बलि का बकरा बनाए जा रहे छोटे अधिकारियों और कर्मचारियों को सामने आकर बड़े लोगों के नाम उजागर करने चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए, क्योंकि जवाबदेही सत्ता पक्ष की होती है, विपक्ष की नहीं। उन्होंने कहा कि फिलहाल परिवर्तन संकल्प सम्मेलन पर्वतीय क्षेत्रों में आयोजित किया जा रहा है, जबकि अगले चरण में ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, विकासनगर सहित मैदानी क्षेत्रों के लिए भी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर, सुनीत राठौर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *