महाराज के अथक प्रयासों से 12341.56 लाख रुपये की स्यालसी झील की टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू

Share on Social Media

पौड़ी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज के ड्रीम प्रोजेक्ट सतपुली झील निर्माण को स्वीकृति मिलने के बाद अब उनके विशेष प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत विकासखंड बीरोंखाल में 12341.56 लाख रुपये लागत की स्यालसी झील की ई-टेंडरिंग प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि क्षेत्रीय जनता की मांग पर मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड बीरोंखाल में पूर्वी नयार नदी पर प्रस्तावित बहुउद्देशीय स्यालसी बैराज एवं जलाशय निर्माण योजना को शीघ्र ही धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

जनपद मुख्यालय से लगभग 135 किलोमीटर की दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग-121 पर स्यालसी बाजार के समीप बंगार झूला पुल के डाउनस्ट्रीम में 6 मीटर ऊंचाई एवं 60 मीटर चौड़ाई का स्यालसी बैराज प्रस्तावित है, जिसमें 10×6.5 मीटर के छह गेट बनाए जाएंगे। बैराज के निर्माण से लगभग 0.700 किलोमीटर लंबाई में झील का निर्माण होगा।

महाराज ने बताया कि प्रस्तावित स्यालसी बैराज का निर्माण सिंचाई, पेयजल, मत्स्य पालन, नौकायन एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसके निर्माण के बाद 44 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा तथा 56 गांवों को निरंतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही जल संवर्धन एवं जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि योजना का हाइड्रोलिक एवं स्ट्रक्चरल डिजाइन आईआईटी रुड़की द्वारा तैयार किया गया है। स्यालसी बैराज में प्रस्तावित टू-लेन पुल एवं टू-लेन एप्रोच रोड के माध्यम से बंगार गांव को राष्ट्रीय राजमार्ग-309 से जोड़ा जाएगा, जिससे पूर्वी नयार नदी के दाहिने तट पर स्थित बंगार एवं मंगरौ गांवों के ग्रामीणों को चिकित्सा, शिक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

कैबिनेट मंत्री महाराज ने बताया कि 12341.56 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली इस योजना को शासन की स्वीकृति हेतु प्रेषित कर दिया गया है। प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया गतिमान है तथा स्वीकृति की प्रतीक्षा के साथ ही ई-टेंडरिंग की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *