हरिद्वार 15 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उत्तराखण्ड भी केंद्र सरकार के सहयोग से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। यह बात प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने स्थानीय प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में उत्तराखण्ड में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, हवाई सेवाओं के विस्तार तथा रोपवे परियोजनाओं से प्रदेश में पर्यटन और तीर्थाटन को नई गति मिली है।
महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हरिद्वार जनपद में भी विकास कार्यों को गति मिली है। जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
