देहरादून 15 जून। जनपद में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों को कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 19 जून को पुलिस लाइन, रेसकोर्स देहरादून से ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेयर सौरभ थपलियाल,आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, आयुष सचिव रंजना राजगुरु, अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे तथा जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और 770 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे।
‘रन फॉर योग’ का शुभारंभ पुलिस मैदान, रेसकोर्स से होगा। यह दौड़ त्यागी रोड से होकर पुनः पुलिस मैदान में संपन्न होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
मुख्य योग दिवस कार्यक्रम 21 जून को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनपद के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों लाखामंडल और हनोल में भी कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से भी ‘रन फॉर योग’ एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
