ऊधम सिंह,नगर,खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विशेष जनसंपर्क अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने छोलिया एवं थारू सांस्कृतिक नृत्य तथा पुष्पमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना, आयुष्मान भारत तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में भी प्रधानमंत्री की प्रेरणा से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। राज्य में अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बग्घा चौवन क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
