स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता गोष्ठी आयोजित, जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

Share on Social Media

देहरादून, 13 जून। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को आईटी पार्क, देहरादून में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने की। इस अवसर पर उन्होंने मतदाता जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता रथ जनपद के विभिन्न वार्डों एवं क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देंगे तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करेंगे।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का अभियान 7 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इस अवधि में सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे, जबकि मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को निर्धारित समयावधि में पूर्णतः अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जाना है। इसी क्रम में 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए पात्र नागरिकों के आवेदन फार्म-6 भी स्वीकार किए जा रहे हैं, ताकि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें।

उन्होंने जानकारी दी कि जनपद देहरादून की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,882 मतदेय स्थल हैं तथा 13,76,813 मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक 6,60,308 मतदाताओं (लगभग 47.96 प्रतिशत) को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। साथ ही गणना प्रपत्रों के संकलन एवं डिजिटाइजेशन का कार्य भी तेजी से जारी है तथा अब तक 35,476 गणना प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान फास्ट ट्रैक मोड में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने बीएलओ को सहयोग प्रदान करते हुए गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करें, जिससे मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।

उन्होंने बताया कि नागरिक उत्तराखंड निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदाता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ‘‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’’ सुविधा के माध्यम से संबंधित बीएलओ से सीधे संपर्क भी किया जा सकता है। मतदाता सहायता के लिए निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ने उपस्थित सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी वी.के. ढौंडियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र प्रसाद देवली, पार्षद संजीव बंसल, पार्षद अभिषेक पंत, बूथ लेवल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *