देहरादून। राज्य सरकार ने नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में सम्मिलित होने वाले उत्तराखण्ड के अभ्यर्थियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार सन्त द्वारा प्रबंध निदेशक, उत्तराखण्ड परिवहन निगम को आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार यह सुविधा केवल उत्तराखण्ड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को उपलब्ध होगी। अभ्यर्थियों को निःशुल्क यात्रा के लिए नीट (यूजी)-2026 का वैध प्रवेश पत्र प्रस्तुत करना होगा। यह सुविधा उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित साधारण श्रेणी की बसों में तथा परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्ग पर ही मान्य होगी।
अभ्यर्थी परीक्षा की तिथि से दो दिन पूर्व से लेकर परीक्षा दिवस तक अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। इसी प्रकार परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिन तक परीक्षा केंद्र से अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान निवास स्थान तक की वापसी यात्रा भी निःशुल्क होगी।
राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी जो नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक यात्रा करेंगे। सरकार का उद्देश्य अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
