साहित्य समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम, कवि राष्ट्र की चेतना के वाहक : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

Share on Social Media

नैनीताल,कालाढुंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को तहसील कालाढुंगी स्थित नमस्ते कॉर्बेट रिज़ॉर्ट, धनपुर धमोला में ललित फाउंडेशन के पंचम अधिवेशन “अभिव्यंजना 5.0” का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कवि सम्मेलन नहीं, बल्कि विचारों, भावनाओं और सृजनशीलता को आत्मसात करने का एक सशक्त मंच है। कवि केवल शब्दों के रचनाकार नहीं होते, बल्कि समाज के चिंतक, मार्गदर्शक और प्रेरक भी होते हैं। उनकी रचनाएं समाज को दर्पण दिखाने के साथ-साथ सकारात्मक परिवर्तन की दिशा भी प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज चुनौतियों और उलझनों से घिरता है, तब कवि अपनी लेखनी के माध्यम से जनमानस को नई राह दिखाने का कार्य करता है।

धामी ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में भी कवियों और साहित्यकारों की रचनाओं ने जनजागरण का महत्वपूर्ण कार्य किया था। उन्होंने उपस्थित कवियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी वाणी में प्रेम, विरह, देशभक्ति, भक्ति और सामाजिक चेतना का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है।
उन्होंने विशेष रूप से डॉ. कुमार विश्वास, पद्मश्री अशोक चक्रधर और डॉ. हरिओम पंवार के साहित्यिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन साहित्यकारों ने कविता को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को साहित्य से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड सदैव साहित्य, संस्कृति और सृजन की भूमि रही है। सुमित्रानंदन पंत, चंद्रकुंवर बर्त्वाल, गिर्दा, शैलेश मटियानी, गौरा पंत ‘शिवानी’ और मोहन उप्रेती जैसे साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से समाज को नई दिशा प्रदान की है। उत्तराखण्ड की साहित्यिक परंपरा आज भी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कवियों, कवयित्रियों एवं साहित्यकारों को सम्मानित किया। उन्होंने साहित्य जगत से जुड़े सभी रचनाकारों का आह्वान किया कि वे अपनी सृजनात्मक ऊर्जा और संकल्प के साथ समाज को जागरूक एवं प्रेरित करने का कार्य निरंतर करते रहें।

इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत, डॉ. कुमार विश्वास, पद्मश्री अशोक चक्रधर, डॉ. हरिओम पंवार सहित देशभर से आए अनेक कवि, साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री के आईआरबी बेलपड़ाव, रामनगर पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत किया।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *