स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति और हैंडओवर कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, ग्रीन बिल्डिंग निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

Share on Social Media


देहरादून। जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की प्रगति, हैंडओवर की स्थिति तथा संचालन एवं अनुरक्षण (ऑपरेशन एंड मेंटिनेंस) कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत स्वीकृत 22 परियोजनाओं में से 21 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जिनमें से 10 परियोजनाओं का संबंधित विभागों को हस्तांतरण भी किया जा चुका है। शेष एकमात्र ग्रीन बिल्डिंग परियोजना वर्तमान में निर्माणाधीन है।

जिलाधिकारी ने पूर्ण हो चुकी लेकिन अभी तक हस्तांतरित न की गई परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से कारण सहित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं के समयबद्ध हस्तांतरण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि उनका बेहतर संचालन एवं उपयोग किया जा सके।
ग्रीन बिल्डिंग परियोजना की प्रगति लगभग 40 प्रतिशत पाए जाने पर जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित लेबर प्लान के अनुरूप पर्याप्त श्रमिकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से परियोजना की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

डॉ. चौहान ने परियोजना में हुई देरी के कारणों की भी जानकारी मांगी और निर्देश दिए कि इसके लिए उत्तरदायी अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के विरुद्ध की गई कार्रवाई का विवरण भी प्रस्तुत किया जाए।

उन्होंने स्मार्ट सिटी के अंतर्गत पूर्ण परियोजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों की अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा उनकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि परियोजनाओं का भुगतान निर्धारित प्रक्रियाओं और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही किया जाए।
बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड तीरथपाल सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद (वर्चुअल माध्यम से), कृष्णा चमोला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *