राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के उत्तराखंड दौरे की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा

Share on Social Media

देहरादून। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार माननीय राष्ट्रपति 12 जून 2026 को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी तथा 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के उपरांत दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाओं को त्रुटिरहित, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रपति निकेतन में विद्युत, पेयजल, संचार नेटवर्क सहित सभी आवश्यक सुविधाओं को वैकल्पिक व्यवस्था (कंटीजेंसी प्लान) के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा की स्थिति उत्पन्न न हो।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने भ्रमण मार्ग पर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने, यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने तथा संबंधित स्थलों पर व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि माननीय राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर चूक अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता, सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी वि./रा. के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं प्रोटोकॉल से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *