पद्म भूषण सम्मान पर मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी को दी बधाई

Share on Social Media

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के आवास पर पहुंचकर उन्हें भारत सरकार द्वारा देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान “पद्म भूषण” से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कोश्यारी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना न केवल उत्तराखण्ड बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान उनके दशकों लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकारों तथा जनकल्याण के प्रति समर्पित योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर किया गया सम्मान है।

उन्होंने कहा कि कोश्यारी जी ने अपने राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन में सदैव जनसेवा, सादगी और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास तथा राष्ट्र निर्माण की विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोश्यारी ने उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने, सामाजिक चेतना को जागृत करने तथा विकास के विभिन्न आयामों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज और राष्ट्रसेवा के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *